सर सी वी रमन ने भारतीय विज्ञान को सुदृढ़ आधार पर स्थापित किया है : डॉ. वी के गुप्ता
माधव कॉलेज में विज्ञान दिवस कार्यक्रम आयोजित

उज्जैन। डॉ सी वी रमन भारत के एक ऐसे वैज्ञानिक हुए हैं, जिन्होंने विज्ञान को सुदृढ आधार पर स्थापित किया है। आज हम उन्हें याद कर रहे हैं, क्योंकि उन्होंने 28 फरवरी को ही रमन प्रभाव की खोज की थी। इसके लिए उन्हें नोबल पुरस्कार भी दिया गया। भारत सरकार ने उनके नाम पर 28 फ़रवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस घोषित किया जो प्रति वर्ष मनाया जाता है। आज हम 39 वा विज्ञान दिवस मना रहे हैं। यह आगे भी जारी रहेगा।
यह उद्गार प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस माधव कॉलेज में विज्ञान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि इंडियन एसोसिएशन ऑफ फिजिक्स टीचर्स के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं पूर्व प्राध्यापक डॉ डॉ. वी के गुप्ता ने व्यक्त किये। भौतिक शास्त्री डॉ गुप्ता ने भारतीय शिक्षण परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत रत्न सर डॉ सी वी रमन ने इसे आगे बढ़ाया। उनका जीवन आप छात्रों के लिए बहुत प्रेरक है। रमन रेखाओं का क्वांटम सिद्धांत बहुत प्रसिद्ध है। रमन यह भी कहते थे कि छात्रों में को सपने देखने की आदत डालना चाहिए।
प्राचार्य डॉ कल्पना सिंह ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा किसी भी ज्ञान को अर्जित करने की प्रक्रिया विज्ञान है। विज्ञान भावनाओं के बिना नहीं हो सकता। यदि समाज के प्रति कुछ करने की भावना न हो तो विज्ञान का कोई मतलब नहीं है। सर सी वी रमन ने भारतीयता को लेकर जो भी अध्ययन किया है, वह उन्हें महान बनाता है। छात्र छात्राओं को सही तरीके से काम करने की आदत डालना चाहिए। तभी हम भारत को विकसित भारत बना सकते हैं। डॉ जफर मेहमूद ने संचालन किया। कार्यक्रम संयोजक प्रो आयुषी पालीवाल ने आभार व्यक्त किया। डॉ नलिनी तिलकर ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। अतिथियों का स्वागत भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ की संयोजक डॉ शोभा मिश्रा, विज्ञान संकाय अध्यक्ष डॉ अजय चतुर्वेदी, डॉ मनोज सिसौदिया, अर्चना अखण्ड डॉ आयुषी पालीवाल ने किया। कार्यक्रम का आरंभ भोपाल के विज्ञान भवन में आयोजित विज्ञान दिवस पर मुख्य मंत्री डॉ मोहन जी यादव के उद्बोधन प्रसारण से हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान दिवस पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में रचे गए पोस्टर, रंगोली प्रतियोगिता में बनाई गई रांगोली एवं भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित विज्ञान प्रदर्शनी का शुभारंभ अतिथियों द्वारा किया गया।