शौर्य यात्रा में दिखेगा पराक्रम, होगा ‘शक्ति संगम’
आंधी तूफान के बाद दिन रात मेहनत कर विहिप कार्यकर्ताओं ने तैयार किया मैदान
साध्वी ऋतुंभरा दीदी माँ करीब 25,000 माताओं और बहनों को करेंगी संबोधित
उज्जैन। विश्व हिंदु परिषद मातृशक्ति, दुर्गावाहिनी मालवा प्रांत का ‘शक्ति संगम’ 29 दिसंबर रविवार को उज्जैन में होगा। प्रातः 10 बजे शौर्य यात्रा निकलेगी जिसमें करीब 25 हजार माता-बहनें शामिल होंगी। साध्वी ऋतुंभरा दीदी मां इस शक्ति संगम को संबोधित करेंगी।
27 दिसंबर की रात आए आंधी तूफ़ान के बाद रात दिन मेहनत कर विश्व हिंदू परिषद कार्यकर्ताओं द्वारा मैदान तैयार किया गया। इसके साथ ही अवलोकन करते हुए संगठन के पदाधिकारियों ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया। जिसमें मुख्य रूप से मालवा प्रांत से प्रांत संगठन मंत्री खगेंद्र भार्गव, प्रांत मंत्री विनोद शर्मा, प्रांत सहमंत्री महेश आंजना, प्रांत उपाध्यक्ष महेश गोठी, उज्जैन ज़िलाध्यक्ष महेश तिवारी, जिला उपाध्यक्ष मुकेश खंडेलवाल, मंत्री अंकित चौबे, संयोजक ऋषभ कुशवाह, रमेश पांडे के साथ संगठन के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे। प्रांत संगठन मंत्री खगेंद्र भार्गव ने बताया कि 29 दिसंबर रविवार को होने जा रहे मालवा प्रांत की मातृ शक्ति दुर्गा वाहिनी की संपूर्ण मालवा प्रांत से लगभग 25,000 माताओं और बहनों का एकत्रीकरण प्रातः 10 बजे त्रिवेणी संग्रहालय के पास महाकालेश्वर अन्नक्षेत्र में होगा। यहां से शौर्य यात्रा निकलेगी जिसमें करीब 20 से 25 हज़ार बहिनें 6-6 की पंक्ति में महाकाल लोक से गुदरी, पटनी बाज़ार, गोपाल मंदिर, छत्री चौक, सराफा, कण्ठाल चौराहा, कोयला फाटक होकर सामाजिक न्याय परिसर पहुँचेंगी वहाँ दीदी माँ साध्वी ऋतम्भरा जी का उद्बोधन प्राप्त होगा। यह जानकारी उज्जैन महानगर के सामाजिक समरसता प्रमुख दर्शन परमार ने देते हुए उज्जैन महानगर की समस्त माताओं बहनों से अधिक से अधिक संख्या में 29 दिसंबर रविवार को होने जा रहे इस शक्ति संगम कार्यक्रम में उपस्थित होने का निवेदन किया है।