पाठशाला
शिक्षा जीवन के खिलने और महकने की सुरभित वाटिका है
शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय नलिया बाखल में आनंद उत्सव एवं मां बेटी सम्मेलन

उज्जैन। शिक्षा जीवन के खिलने और महकने की सुरभित वाटिका है। मां वीणापाणि सरस्वती की वाटिका संस्कारों एवं जीवन के सर्वांगीण विकास की महकती बगिया है …विद्यार्थी गण वाटिका के सुरभित पुष्प एवं कालिकाएं हैं जिनसे देश प्रेम एवं राष्ट्र सेवा की प्रेरणा प्राप्त होती है।
उक्त विचार शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय नलिया बाखल के आनंद उत्सव एवं मां बेटी सम्मेलन के अवसर पर प्रख्यात पत्रकार लेखक, चिंतक, विचारक, कवि, सद्भावना के पुंज, पंडित मुस्तफा आरिफ (रतलाम) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए व्यक्त किये। पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता राष्ट्रपति अलंकरण से सम्मानित प्रधानाचार्य शैलेंद्र व्यास स्वामी मुस्कुराके ने की। विशेष अतिथि साइबर क्राइम के प्रभारी एस आई चंद्रभान सिंह चौहान, वरिष्ठ पत्रकार पंडित देवेंद्र पुरोहित, रतलाम के साहित्यकार लक्ष्मण पाठक थे। इस अवसर पर अध्यक्ष उद्बोधन प्रदान करते हुए शैलेंद्र व्यास ने कहा शिक्षा जीवन को जीने का निखालिस स्वरूप प्रदान करती है। शिक्षा के माध्यम से कर्म की क्यारी में प्रगति के फूल मुस्कुराते हैं। वार्षिकोत्सव में विद्यार्थी सांस्कृतिक, साहित्यिक, क्रीडा की सफलता के मोती चुनते है। साइबर क्राइम स्पेशलिस्ट एस आई चंद्रभान सिंह चौहान ने साइबर अपराध से बचने के लिए विभिन्न प्रकार की सावधानियां किस प्रकार की जाए इसकी जानकारी प्रदान की। साइबर क्राइम के संबंध में पंकज पाटीदार ने एंड्राइड मोबाइल को किस प्रकार उपयोग किया जाए जानकारी से युवाओं को अवगत कराया। संस्था परिचय वरिष्ठ शिक्षक संजय अष्ठाना ने प्रदान किया। स्वागत उद्बोधन शिक्षिका प्रियंका सोलंकी ने किया। सरस्वती वंदना मनीषा गुप्ता ने प्रस्तुत की। अतिथि स्वागत पुरुषोत्तम विष्णु, लता शिंदे, ममता मिश्रा, राकेश जोशी, पल्लवी श्रीवास्तव, मंजुला कुशवाह ने किया। भारती गोमे ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन होनहार छात्रा मिस्बाह मंसूरी ने किया। इस अवसर पर विभिन्न स्पर्धा में विशिष्ट स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को आकर्षक स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र पत्र वितरित कर पुरस्कृत किया गया। नृत्य, निबंध, केश सज्जा, फैंसी ड्रेस, रंगोली, श्लोक पाठ में प्रथम स्थान प्राप्त दीक्षा मालवीय, दिव्यांशी सिसोदिया, ज़िक्रा शाह, तरफिया शेख, आयुषी मेवाडा, अनस नागौरी सम्मानित किए गए।