मुख्यमंत्री की प्रतिष्ठा धूमिल कर रहे निगम अधिकारी
शुक्रवार को नगर निगम कर्मचारी वाहन रैली निकालकर देंगे ज्ञापन

उज्जैन। 8 दिन से नगर निगम गेट पर आंदोलन कर रहे कर्मचारियों की आवाज निगम अधिकारियों तक नहीं पहुंच रही, इसलिए आठवें दिन भी कोई अधिकारी कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों से चर्चा करने नहीं आये। ये निगम अधिकारी हमारे लोकप्रिय मुख्यमंत्री की प्रतिष्ठा धूमिल करने में लगे हैं। शुक्रवार को धरना प्रदर्शन के पश्चात नगर निगम कर्मचारी दोपहर 1.30 बजे महापौर, निगम अध्यक्ष एवं आयुक्त को वाहन रैली निकालकर ज्ञापन देने पहुंचेंगे।
उक्त उद्गार गुरुवार को कर्मचारियों के आंदोलन के आठवें दिन सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ अध्यक्ष डॉ. पवन व्यास ने व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि निगम अधिकारी प्रयागराज से लौट आये हैं फिर भी निगम कर्मचारियों की सुध नहीं ली। अभी तक प्रयागराज की थकान उतारने में लगे हैं। आंदोलन कर रहे कर्मचारियों की मांगों के निराकरण से इन्हें कोई लेना-देना नहीं है। सभी मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो सेवानिवृत्त कर्मचारी आमरण अनशन करेंगे।
मध्यप्रदेश नगर निगम, नगर पालिका कर्मचारी संघ के संभागीय अध्यक्ष संजय चौबे ने अपना समर्थन पत्र तीनों कर्मचारी संघ के संरक्षक श्री कोरट को सौंपा और उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सभी न्यायोचित मांगों का निराकरण जल्द से जल्द किया जाना चाहिये।
स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ अध्यक्ष रमेशचंद्र रघुवंशी ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि निगम अधिकारी गाय का दूध निकालने में लगे हैं। तभी तो उन्हें कर्मचारियों की मांगों से कोई लेना-देना नहीं है। सेवानिवृत्त निगम इंजीनियर प्रभुलाल टटवाल ने कहा कि कर्मचारियों की सभी मांगों को इन अधिकारियों को मानना ही होगा, अगर नहीं मानी गई तो हम कोरट साहब के साथ मिलकर आंदोलन करेंगे।
सफाई कामगार संघ अध्यक्ष चंदगीराम टांकले ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के बजट में 664 पद मंजूर थे लेकिन स्थापना के लिपिक और अधिकारियों की मिलीभगत से 343 पद कर दिये गये, इसकी जांच की जाना चाहिये और दोषियों पर कार्यवाही होना चाहिये। आंदोलन का संचालन सफाई कामगार संघ सचिव संदीप कलोसिया ने किया।
संरक्षक रामचंद्र कोरट ने कहा कि 8 दिन बीतने के बाद भी एक भी अधिकारी चर्चा करने नहीं आये। ऐसा लग रहा है जैसे इन अधिकारियों को नगर निगम और निगम कर्मचारियों से कुछ लेना- देना नहीं है। शुक्रवार को कर्मचारी 1 बजे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर वाहन रैली में शामिल होवें।
इस अवसर पर सत्यनारायण दास, अजयप्रकाश मेहता, मनसुख मेहरवाल, अल्काब भाई, नितिन मुसले, कैलाश जैन, रामकुमार सारवान, कमलेश चावरे, शैलेष नागर, मनोज सक्सेना, दिलीप घावरी, सुनील भैरवे, राजेन्द्र देवधरे, महेश चौहान, मनसुख चौहान सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।