महाकाल अन्न क्षेत्र में आलू काटने की मशीन में दुपट्टा फंसने से लगी फांसी, महिला की मौत
आज महाकाल मंदिर अन्न क्षेत्र को बंद रखने का निर्णय
उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर के अन्न क्षेत्र में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसे में महिला कर्मचारी रजनी खत्री की मौत हो गई। रजनी खत्री अन्न क्षेत्र में आलू छीलने वाली मशीन पर काम कर रही थी। इस दौरान मशीन में दुपट्टा फंसने से उसके गले में फंदा कस गया। इसके चलते महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद आज महाकाल मंदिर अन्न क्षेत्र को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
वहां मौजूद कर्मचारी तत्काल मशीन बंद कर रजनी के गले से फंदा निकाल कर उसे अवंतिका अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल लेकर गए हैं। सूचना मिलते ही तहसीलदार और एसडीएम भी जिला अस्पताल की मॉर्चुरी पहुंच गए थे। इधर, महाकाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहां लगे सीसीटीवी कैमरे भी चेक किए जा रहे हैं।
रजनी खत्री बीते 7 वर्षों से महाकाल मंदिर में आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में काम कर रही थी। बीते एक वर्ष से उसकी ड्यूटी अन्न क्षेत्र में खाना बनाने और परोसने में लगी थी। हाल ही में लगी खाना बनाने की हाईटेक मशीन में वह रोजाना की तरह सुबह आलू-प्याज छीलने का काम कर ही रही थी। एसडीएम ने मृतका के परिवार को 2 लाख रुपए की सहायता देने की बात कही है।