प्रशासनिक
बैठक में निर्णय होने के बावजूद अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों के कार्य नहीं किये जा रहे
मुख्यमंत्री के गृह नगर में निगम कर्मचारी हड़ताल के लिये हो रहे मजबूर

कर्मचारी संघ की शुक्रवार को भी जारी रहेगी निगम परिसर में गेट मीटिंग
उज्जैन। मुख्यमंत्रीजी हमारे शहर के होने के बावजूद हमें हड़ताल करने के लिये मजबूर होना पड़ेगा क्योंकि नगर निगम के अधिकारीगण कर्मचारियों के कार्यों को करने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं, जिससे हमें आंदोलन करने पड़ रहा है।
यह बात गुरुवार को नगर निगम मुख्यालय पर आयोजित गेट मीटिंग में भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध सफाई कामगार संघ, स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ एवं सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ के संरक्षक रामचंद्र कोरट ने कही। उन्होंने कहा कि आयुक्त से कर्मचारी संघ की बैठक में निर्णय होने के बावजूद अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों के कार्य नहीं किये जा रहे हैं। नगर निगम कर्मचारियों से कहा कि आपकी लंबित मांगों को मनवाना है तो सभी को संगठित होकर अपनी ताकत दिखाना होगी, तब ही अपने कार्य करा पायेंगे। एक वर्ष में करीब 80-90 कर्मचारी रिटायर हो रहे हैं। जिससे आफिस एवं सफाई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कर्मचारियों की भर्ती नहीं होने से कर्मचारियों पर कार्य का अतिरिक्त भार बढ़ता जा रहा है।
सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ अध्यक्ष डॉ. पवन व्यास ने कहा कि कर्मचारियों की तरह ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 2000 मेडीकल अलाउंस दिया जावे। अस्थाई कर्मचारियों को 10 वर्ष एवं 20 वर्ष होने पर 1500 एवं 2500 का अतिरिक्त मानदेय वेतन में लगाया जावे। समयमान-वेतनमान के बचे हुए आदेश जारी किये जावें और जिनके आदेश हो चुके हैं उन्हें एरियर का भुगतान के लिये भटकना पड़ रहा है, शीघ्र भुगतान किया जावे। स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ अध्यक्ष रमेशचंद्र रघुवंशी ने कहा कि अधिकारी बैठकों में मांगों पर सहमति बना देते हैं और फिर 1 वर्ष बीतने के बाद भी उन मांगों का निराकरण नहीं करते हैं।
सफाई कामगार संघ अध्यक्ष चंदगीराम टांकले ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को उनके कार्य कराने में भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आउटसोर्स पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों को 3 माह से वेतन नहीं मिल रहा है। आप सभी को बड़ी संख्या में शुक्रवार को भी दोपहर 1 बजे इकट्ठा होना है, जिसमें आगे आंदोलन व हड़ताल की रुपरेखा तय की जावेगी। सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी भी की। इस अवसर पर अजयप्रकाश मेहता, मनसुख मेहरवाल, अल्काब भाई, स्वास्थ्य निरीक्षक गय्यूर भाई, मुकेश भाटी, अब्दुल हमीद दरोगा, शैलेष नागर, राजेन्द्र देवधरे, मुकेश कल्याणे, सुनील भैरवे, मनसुख चौहान सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।