प्रशासनिक

निगम के कर्मचारी सुबह से काम में लग जाते हैं – उमेशनाथ जी महाराज

नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों का स्नेह सम्मेलन सम्पन्न

उज्जैन। इस देश में अधिकारियों, कर्मचारियों, समाज में आपस में सामंजस्य बना हुआ है। प्रधानमंत्री श्री मोदी जी का पूरे देश के अधिकारियों, कर्मचारियों पर विश्वास है। चाहे वह बार्डर पर तैनात सेना का जवान हो या फिर सफाई कर्मचारी सभी को एक समान मानते हैं। तब ही तो उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत की। मोदीजी के स्वच्छ भारत मिशन को सभी वर्ग ने बहुत अच्छे से स्वीकार किया है। नगर निगम के अधिकांश कर्मचारी सुबह 6 बजे से ही काम पर लग जाते हैं।
उक्त उद्गार राज्य सभा सांसद बालयोगी उमेश नाथ जी महाराज ने रविवार को नगर निगम उज्जैन में भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध सफाई कामगार संघ, स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ, सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ द्वारा आयोजित अधिकारी-कर्मचारियों के स्नेह सम्मेलन में कही। उन्होंने आगे कहा कि आदरणीय रामचंद्र कोरट को मैं 40 साल से देख रहा हूं वे सभी कर्मचारियों के कंधे से कंधा मिलाकर उनके लिये संघर्ष कर रहे हैं। श्री कोरट पद की चाह न करते हुए सभी वर्ग के कर्मचारियों को साथ लेकर निरंतर काम रहे हैं।
तीनों संघ के संरक्षक रामजंद्र कोरट ने कहा कि स्नेह सम्मेलन का कार्यक्रम पिछले 36 वर्ष से कर रहे हैं। भारतीय मजदूर संघ राष्ट्रवादी संगठन है, जिसके अधीन तीनों संघ नगर निगम उज्जैन में वर्षों से कर्मचारियों के हितों के लिये काम कर रहे हैं। वर्ष 1981 में सफाई कामगार संघ का गठन किया गया। उसके बाद आफिस के कर्मचारियों के लिये 1987 में स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ का गठन किया गया। इसके बाद रिटायर कर्मचारियों की परेशानी खत्म करने के लिये वर्ष 2010 में सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ का गठन किया गया है। आज भी तीनों संगठन सक्रिय रुप से निरंतर काम कर रहे हैं। ऐसे कार्यक्रेमों में सारे काम छोडक़र सभी कर्मचारियों को आना चाहिये।
महापौर मुकेश टटवाल ने कहा कि नगर निगम मेरा परिवार है। पूर्व और वर्तमान कर्मचारियों को कर्मचारी संघ ने जोडक़र रखा है, जिनका उज्जैन नगर के लिये बहुत बड़ा योगदान है। नगर निगम का कर्मचारी 24 घंटे काम करता है। कई बार देखने में आता है कि कर्मचारी ही कर्मचारी के काम रोकता है, ऐसा नहीं होना चाहिये। कर्मचारी को दूसरे कर्मचारी के प्रति अच्छा भाव लाना होगा। नगर निगम की छबि आप सभी के ऊपर ही निर्भर है। कर्मचारियों के सारे काम एम.आई.सी. द्वारा तुरंत कर दिया जाता है।
निगम के प्रतिपक्ष नेता रवि राय ने कहा कि दिन-रात एक करके काम कर रहे हैं। मैं नगर निगम उज्जैन में 1995 से पार्षद हूं। सभी कर्मचारी अपने दायित्वों को अच्छे से निभाते आ रहे हैं। एमआईसी सदस्य शिवेन्द्र तिवारी ने कहा कि मैं निगम कर्मचारी का ही पुत्र हूं। उक्त कार्यक्रम अपना खुद का है। सभी कर्मचारियों का सेवानिवृत्ति का कार्यक्रम बड़ी धूमधाम से होना चाहिये। जिससे शहर को लगे कि नगर निगम का कर्मचारी रिटायर हो रहा है। कर्मचारियों को रिटायरमेंट के बाद भुगतान में कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
प्रारंभ में अतिथियों ने भगवान विश्वकर्मा के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम का प्रारंभ भारतीय मजदूर संघ के गीत से हुई। गीत रमेशचंद्र निगम ने गाया। इसके बाद मंचीय अतिथियों का संघ के पदाधिकारियों ने स्वागत किया। स्वागत भाषण स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ अध्यक्ष रमेशचंद्र रघुवंशी ने दिया।
इसके बाद सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ अध्यक्ष डॉ. पवन व्यास ने अपने संघ के कार्यों का प्रतिवेदन दिया। स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन मुसले ने कहा कि सभी संगठित रहें। सफाई कामगार संघ अध्यक्ष चंदगीराम टांकले (पहलवान) ने अपना प्रभावी उद्बोधन दिया।
कार्यक्रम का संचालन रमेश निगम और संदीप कलोसिया द्वारा किया गया। कार्यक्रम में सुमधुर भजनों की प्रस्तुति मनोज सारवान एवं गीत की प्रस्तुति सेवानिवृत्त इंजीनियर पी.एल. टटवाल द्वारा दी गई। उक्त कार्यक्रम को मनसुख मेहरवाल, शैलेष नागर आदि ने मूर्त रुप दिया।
इस अवसर पर अपर आयुक्त पवन कुमार सिंह, उपायुक्त संजेश गुप्ता, सहायक आयुक्त तेजकरण गुनावदिया, रामविलास गुप्ता, रामचंद्र नागर सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी, सेवानिवृत्त कर्मचारी-अधिकारी उपस्थित थे। अंत में आभार सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ के उपाध्यक्ष अजयप्रकाश मेहता ने माना।

Related Articles

Back to top button