निगम कर्मचारी उग्र आंदोलन के लिये तैयार रहें- कोरट
निगम मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जायेगा

उज्जैन। सोमवार को आंदोलन के पांचवें दिन भी कोई भी अधिकारी शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों से बात करने नहीं पहुंचे, जिससे कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त हो रहा है। शीघ्र अधिकारी बात करने नहीं आये तो निगम कर्मचारी उग्र आंदोलन के लिये तैयार रहें। मंगलवार को निगम मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जायेगा।
उक्त उद्गार सोमवार को पांचवें दिन निगम गेट पर जारी आंदोलन को संबोधित करते हुए भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध सफाई कामगार संघ, स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ एवं सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ के संरक्षक रामचंद्र कोरट ने कही। उन्होंने कहा कि आंदोलन के तीसरे दिन भी निगम आयुक्त या कोई अन्य अधिकारी बात करने नहीं आये। करीब 3 माह से आउटसोर्स के कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है।
स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन मुसले ने कहा कि अधिकारी बैठकों में मांगों पर सहमति बना देते हैं और फिर कई माह बीतने के बाद भी उन मांगों का निराकरण नहीं करते हैं, जिससे हमें आंदोलन करना पड़ रहा है। स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ के अनिल शर्मा एवं राजेश गुप्ता ने भी संबोधित करते हुए कहा कि सभी कर्मचारी एकजुट होकर श्री कोरट साहब के नेतृत्व में अपनी मांगों को मंजूर करवा कर ही रहेंगे।
सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ अध्यक्ष डॉ. पवन व्यास ने कहा कि हैं। अभी तक कहते थे कि पदोन्नति पर बेन लगा हुआ है, इसलिये पदोन्नति नहीं कर सकते, किन्तु नगर निगम भोपाल एवं जबलपुर ने कर्मचारियों की पदोन्नति की है। नगर निगम उज्जैन में भी कर्मचारियों की पदोन्नति करना होगी। कर्मचारियों की तरह ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 2000 मेडीकल अलाउंस का प्रकरण एम.आई.सी. में नहीं दिया जा रहा है। दो दिन पूर्व अपर आयुक्त पवन कुमार सिंह ने झोन क्र. 3 के सहायक संपत्तिकर अधिकारी कमलेश चावरे को बिना गलती के ही निलंबित कर दिया है, यहां ऐसा नहीं चलेगा। श्री चावरे को जल्द बहाल करना पड़ेगा।
सफाई कामगार संघ अध्यक्ष चंदगीराम टांकले ने सफल संचालन करते हुए कहा कि अस्थाई कर्मचारियों को 10 वर्ष एवं 20 वर्ष होने पर 1500 एवं 2500 का अतिरिक्त मानदेय वेतन में मांग मंजूर करने के बाद भी लागू नहीं की जा रही है। समयमान-वेतनमान के बचे हुए आदेश जारी किये जावें और जिनके आदेश हो चुके हैं उन्हें एरियर का भुगतान के लिये भटकना पड़ रहा है, शीघ्र भुगतान किया जावे। आप सभी को बड़ी संख्या में मंगलवार को भी दोपहर 1 बजे इकट्ठा होना है। सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी भी की। आंदोलन का संचालन सफाई कामगार संघ सचिव संदीप कलोसिया ने किया।
इस अवसर पर पी.एल. टटवाल, मनसुख मेहरवाल, लक्ष्मीनारायण रजक, अल्काब भाई, मुकेश भाटी, कमलेश चावरे, वजीर बेग, शैलेष नागर, राजेन्द्र देवधरे, मुकेश कल्याणे, इकरार खान, मनसुख चौहान सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।