दो दिवसीय सचिदा नागदेव ’रंग-स्मृति’- ८ राष्ट्रीय कला पर्व
हर वर्ष २५ अक्टूबर को, इस बार २१-२२ दिसम्बर को ’गुरु-शिष्य परंपरा’ थीम पर होगा कार्यक्रम
उज्जैन। सुप्रसिद्ध चित्रकार सचिदा नागदेव के भारतीय कला में योगदान को दर्शाने हेतु हर वर्ष उनके जन्मदिन २५ अक्टूबर को एक कला पर्व का आयोजन किया जाता है। इस बार सचिदा नागदेव ’रंग-स्मृति’- ८ राष्ट्रीय कला पर्व का आयोजन २१-२२ दिसम्बर को कालिदास अकादमी और वाकणकर शोध संस्थान (उज्जैन) में ’स्वर-रंग’ आर्ट एंड कल्चरल सोसाइटी, भोपाल तथा मध्य प्रदेश शासन संस्कृति विभाग द्वारा किया जायेगा।
नागदेवजी का जन्मस्थान उज्जैन रहा है और वो विश्व प्रसिद्द पुरातत्ववेत्ता पद्मश्री डॉ. वाकणकर के प्रथम एवं परमप्रिय शिष्य थे अतः इस वर्ष ये कार्यक्रम ’गुरु-शिष्य परंपरा’ थीम पर उज्जैन में होगा। 21 दिसंबर को सुप्रसिद्ध फिल्म निर्देशक अमित राय का वक्तव्य होगा। इनकी पहली फिल्म ’रोड टू संगम’ को राष्टीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त हुआ था और ’ओ माय गॉड-२’ एक सुपर हिट फिल्म रही। वर्त्तमान में ये एक ऐतिहासिक फिल्म पर काम कर रहे है। वहीं 22 दिसंबर को राजशेखर व्यास एवं नारायण व्यास का वक्तव्य होगा। राजशेखर व्यास साहित्य में एक जानीमानी हस्ती है। ये लेखक, डायरेक्टर दूरदर्शन और आल इंडिया रेडिओ के पूर्व एडिशनल डायरेक्टर जनरल रहे है। वहीं नारायण व्यास एक सुप्रसिद्ध पुरातत्ववेत्ता और वाकणकरजी के शिष्य रहे है इन्हे कला व पुरातत्वव में कई सम्मान प्राप्त है।