देवासगेट पर हुआ कड़ाव पूजन, रंगपंचमी पर हर आगंतुक को कड़ाव में डुबोएंगे
वाटर पार्क के साथ डांस बार में लोग झुमेंगे साथ ही पेट पूजा की व्यवस्था भी रहेगी

उज्जैन। देवासगेट पर पशु चिकित्सालय के सामने विशाल कड़ाव का पूजन 17 मार्च की शाम समाजसेवी अरुण वर्मा और उनकी मित्रमंडली द्वारा किया गया। रंगपंचमी पर इस शाही कढ़ाव नहान में शहरवासी डुबकी लगाएंगे, यहां वाटर पार्क के साथ डांस बार में लोग झुमेंगे साथ ही पेट पूजा की व्यवस्था भी रहेगी।
महामंडलेश्वर शैलेषानंदजी महाराज, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी, विवेक यादव, चेतन यादव, सुनील कछवाय, सुरेंद्र भाटी, देवेंद्रसिंह तोमर, वीरभद्र वर्मा, यश जैन, अरुण बाली, गोपाल सूर्यवंशी, प्रदीप नाहाटा, सोनू परमार, विनय शांडिल्य, राजेश यादव, नितेश नहाटा, डॉ संजू जैन, अजीत वर्मा, राहुल उपाध्याय, राजेंद्र राठौर, अभय जैन, डॉ. गजेंद्रसिंह चौहान, संजय शुक्ला, कबीर वर्मा आदि ने कढ़ाव पूजन किया। अरूण वर्मा ने बताया कि हुरियारों का होली खेलने का निराला अंदाज देवासगेट पर देखने को मिलेगा। देवासगेट की सदियों पुरानी कड़ाव होली मालवा की सुप्रसिद्ध होली है। यहां एक अनूठा रंग देखने को मिलता है।
विशाल कड़ाव को एक सप्ताह से सुसज्जित किया जा रहा है। रंग पंचमी की पूर्व संध्या पर इसे भरा जाएगा और आसपास फव्वारे लगाए जाएंगे। पंचमी की सुबह से शाम तक यहां पर अनूठी होली खेली जाएगी। शहर के नागरिकों को आमंत्रित करने का काम पिछले दो सप्ताह से चल रहा है। सभी अतिथियों को एक-एक कर कड़ाव में डुबोया जाएगा और बाहर निकाला जाएगा। रंगीन पानी से भरे कड़ाव में डुबोने की परंपरा लगभग 40 वर्षों से चल रही है। विशेष बात यह है कि कभी कोई विवाद नहीं हुआ। आसपास लगे फव्वारों में भी युवा होली के गानों के बीच में नाचते रहते हैं। इस दौरान पकोड़े और मिठाई का नाश्ता दिन भर चलेगा। क्षेत्र के व्यापारियों के सहयोग से होने वाले इस कार्यक्रम में हजारों हुरियारे उपस्थित होते हैं।