पाठशाला

गणित किसी भी राष्ट्र के विकास की धुरी है : कुलगुरु डॉ. अर्पण भारद्वाज

माधव कॉलेज में विश्व गणित दिवस पर हुआ सेमिनार

उज्जैन। हम चाहे किसी भी विषय को पढ़ें, लेकिन गणित के ज्ञान के बिना हमारा काम नहीं बनता है। राष्ट्र जो भी स्वप्न देखता है, उसका आधार गणित है। गणित किसी भी राष्ट्र के विकास की धुरी है।
ये उद्गार प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस माधव महाविद्यालय में विश्व गणित दिवस पर सेमिनार के मुख्य अतिथि विक्रम विश्विद्यालय के रूप में कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज ने व्यक्त किये। सारस्वत अतिथि मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग के परीक्षा नियंत्रक डॉ वी के गुप्ता थे। उन्होंने  कहा कि आज कई देशों में वैदिक गणित पर शोध कार्य हो रहा है। वैदिक गणित से कई समस्याओं का हल सम्भव हो गया है। वैदिक गणित पर डिप्लोमा कोर्स भी चल रहे हैं। विदेशों में भी भारतीय गणित को स्वीकार किया जा रहा है।  जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक डॉ राजेंद्र गुप्त ने कहा कि सरकार ने डॉ श्रीनिवास रामानुजम के जन्म दिन को गणित दिवस के रूप में घोषित कर के सराहनीय कार्य किया है। वैदिक गणित समझ आधारित गणित को प्रोत्साहित करता है। शासकीय कालिदास कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ वन्दना गुप्ता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि गणित प्रकृति की भाषा है। प्राचार्य डॉ कल्पना वीरेंद्र सिंह ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि भास्कराचार्य ने लीलावती की रचना कर भारतीय गणित के वैभव में वृद्धि की है।
करंट रिसर्च एंड प्रास्पेक्टस इन द फिल्ड ऑफ मैथेमेटिक्स एंड ईट्स एप्लिकेशन विषय पर यह सेमिनार नेशनल कौंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी कम्युनिकेशन नई दिल्ली एवं मप्र कौंसिल ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी भोपाल के सहयोग से आईक्यूएसी एवं गणित विभाग द्वारा आयोजित किया गया। सेमिनार की प्रस्तावना संयोजक डॉ दिनेश वर्मा ने प्रस्तुत की।
भारतीय ज्ञान परंपरा पर डॉ शोभा मिश्र ने प्रकाश डाला। संचालन डॉ जफर मेहमूद ने किया। स्वागत डॉ अंशु भारद्वाज ने किया। डॉ अर्चना अखण्ड ने आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर पोस्टर एवं रंगोली में देश के महान गणितज्ञों के चित्रों प्रतिभागियों ने आकर्षक रंगो से उकेरा। रांगोली प्रतियोगिता में प्रवीण शर्मा ने प्रथम, राजेश आंजना ने द्वितीय एवं कु सुहाना मालवीय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर प्रतियोगिता में ऋतिक बिजोरिया ने प्रथम कु दिया राय ने द्वितीय तथा अंकित कश्यप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गणित पर आधारित प्रश्नोत्तरी में मोहार सिंह कुशवाह ने प्रथम, दिया रावत ने द्वितीय और तरुण टिन्ना ने तीसरा तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र के साथ 500 रूपये नगद पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए गये।

Related Articles

Back to top button