प्रशासनिक

कर्मचारियों के आंदोलन की गूंज निगम अधिकारियों के कानों तक नहीं पहुंची

निगम गेट पर कर्मचारियों ने जमकर की नारेबाजी, सोमवार को भी जारी रहेगा आंदोलन

उज्जैन। आज हमारे आंदोलन का दूसरा दिन है किन्तु निगम के अधिकारियों को कर्मचारियों के आंदोलन की गूंज उनके कानों तक नहीं पहुंच रही है। ऐसा लग रहा है कि इन अधिकारियों को कर्मचारियों की परेशानियों से कोई लेना-देना नहीं है। इन अधिकारियों के कारण यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा, कर्मचारियों आप और अधिक संख्या में सोमवार को भी उपस्थित रहें।
यह बात शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय पर आयोजित गेट मीटिंग में भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध सफाई कामगार संघ, स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ एवं सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ के संरक्षक श्री रामचंद्र कोरट ने कही। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दूसरे दिन भी निगम आयुक्त या कोई अन्य अधिकारी बात करने नहीं आये। ऐसा लग रहा है कि मुख्यमंत्रीजी के गृह नगर में कर्मचारियों की मांगों को सुनने वाला कोई नहीं है।
स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ अध्यक्ष रमेशचंद्र रघुवंशी ने कहा कि अधिकारी बैठकों में मांगों पर सहमति बना देते हैं और फिर 1 वर्ष बीतने के बाद भी उन मांगों का निराकरण नहीं करते हैं। अभी तक कहते थे कि पदोन्नति पर बेन लगा हुआ है, इसलिये पदोन्नति नहीं कर सकते, किन्तु नगर निगम भोपाल एवं जबलपुर ने कर्मचारियों की पदोन्नति की है। नगर निगम उज्जैन में भी कर्मचारियों की पदोन्नति करना होगी। कार्यकारी अध्यक्ष नितिन मुसले ने कहा कि आप संगठित होंगे तो ही हम अपने कार्य करा सकते हैं।
सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ अध्यक्ष डॉ. पवन व्यास ने कहा कि अस्थाई कर्मचारियों को 10 वर्ष एवं 20 वर्ष होने पर 1500 एवं 2500 का अतिरिक्त मानदेय वेतन में मांग मंजूर करने के बाद भी लागू नहीं की जा रही है। कर्मचारियों की तरह ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 2000 मेडीकल अलाउंस का प्रकरण एम.आई.सी. में नहीं दिया जा रहा है। समयमान-वेतनमान के बचे हुए आदेश जारी किये जावें और जिनके आदेश हो चुके हैं उन्हें एरियर का भुगतान के लिये भटकना पड़ रहा है, शीघ्र भुगतान किया जावे।
सेवानिवृत्त निगम इंजीनियर प्रभुलाल टटवाल ने कहा कि कर्मचारियों की सभी मांगों को इन अधिकारियों को मानना ही होगा, अगर नहीं मानी गई तो हम कोरट साहब के साथ मिलकर जमकर आंदोलन करेंगे।
सफाई कामगार संघ अध्यक्ष चंदगीराम टांकले ने सफल संचालन करते हुए कहा कि आउटसोर्स पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों को 3 माह से वेतन नहीं मिल रहा है। आप सभी को बड़ी संख्या में सोमवार को भी दोपहर 1 बजे इकट्ठा होना है, जिसमें आगे आंदोलन व हड़ताल की रुपरेखा तय की जावेगी। सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी भी की। इस अवसर पर अजयप्रकाश मेहता, मनसुख मेहरवाल, अल्काब भाई, स्वास्थ्य निरीक्षक गय्यूर भाई, मुकेश भाटी, अब्दुल हमीद दरोगा, शैलेष नागर, राजेन्द्र देवधरे, मुकेश कल्याणे, इकरार खान, मनसुख चौहान सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button

Adblock Detected

प्रिय उपयोगकर्ता,

ऐसा लगता है कि आपने AdBlock या कोई अन्य विज्ञापन अवरोधक सक्षम किया हुआ है। हमारी वेबसाइट को सुचारू रूप से संचालित करने और आपको निःशुल्क समाचार प्रदान करने के लिए विज्ञापनों की आवश्यकता होती है।

कृपया हमारी वेबसाइट को Whitelist करें या AdBlock को निष्क्रिय करें ताकि आप बिना किसी रुकावट के नवीनतम समाचार पढ़ सकें।

आपका सहयोग हमारे लिए महत्वपूर्ण है! 🙏

धन्यवाद,
Kanak Times